-दिबियापुर स्थित एक बैंक के कर्मियों पर लगाया आरोप
-30 सितंबर अंतिम तारीख से पहले ही कर दिया इन्कार
संवाद न्यूज एजेंसी
दिबियापुर। शनिवार 30 सितंबर तक दो हजार रुपये के नोट बैंकों में जमा कराए जा सकते हैं, लेकिन इससे पहले ही एक बैंक के कर्मियों ने दो हजार रुपये के उपभोक्ताओं के नोट जमा कराने से इन्कार करना शुरू कर दिया है। एक बैंक के खाता धारक चार्टर्ड एकाउंटेंट ने बैंक कर्मियों की शिकायत उच्चाधिकारियों से की है।
कस्बा के एक बैंक (केनरा) के खाताधारक रामकृष्ण नगर निवासी चार्टर्ड एकाउंटेंट आयुष अग्रवाल ने बताया कि उन्होंने बैंक के अपने खाते में दो हजार रुपये के पांच नोट जमा कराने के लिए शनिवार को पहुंचे। लेकिन बैंक कर्मियों ने रुपये जमा करने से इन्कार कर दिया। उन्हें बताया गया कि औरैया स्थित मुख्य शाखा में ही रुपये जमा हो पायेंगे। इस मामले की शिकायत बैंक के उच्च अधिकारियों से की है। इसके साथ ही बैंक को ई-मेल भी किया है। बताया कि सरकार की गाइड लाइन का बैंक द्वारा पालन नहीं किया जा रहा है। उन्होंने मांग की है कि बैंकों को 30 सितंबर की शाम तक दो हजार के नोट जमा करने के लिए निर्देश जारी किए जाएं। ताकि खाता धारकों को परेशानी न हो। जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक राजीव सिंह ने बताया कि ऐसा कोई मामला संज्ञान में नहीं आया है। यदि शिकायत मिलती है तो उसे दूर कराया जाएगा।