यमुना नदी पर पानी की जांच करने के दौरान कर्मचारियों को निर्देश देते एक्सईएन मोहम्मद आफाक।
- फोटो : यमुना नदी पर पानी की जांच करने के दौरान कर्मचारियों को निर्देश देते एक्सईएन मोहम्मद आफाक।
औरैया। प्रयागराज में कुंभ स्नान के लिए धौलपुर स्थित कोटा बैराज स्थित बांध से पिछले दिनों पानी छोड़ा गया था। गुरुवार को औरैया यमुना नदी में पानी का स्तर कितना है, इसकी जांच करने के लिए आगरा से एक्सईएन ने पहुंचकर जांच-पड़ताल की। उन्होंने जलस्तर को दुरुस्त पाकर संतुष्टि जताई।
प्रयागराज में गंगा, यमुना व सरस्वती के संगम स्थल पर पानी की कोई कमी न हो इसके लिए शासन स्तर से ही व्यवस्था की गई थी। इसमें अन्य नदियों के साथ ही यमुना नदी में भी जलस्तर कम न हो इसके लिए बांध से पानी खुलवाया गया था। गुरुवार को आगरा से टीम के साथ औरेया आए केंद्रीय जल आयोग के एक्सईएन मोहम्मद आफाक ने जलस्तर की जांच की। इस दौरान कई यंत्रों के माध्यम से यमुना नदी की गहराई के साथ ही नदी में मौजूद पानी का स्तर देखा गया।
वहीं, मौके पर लगे बाढ़ मापक यंत्रों की खामियां देख एक्सईएन ने कर्मचारियों से नाराजगी जताई। साथ ही बाढ़ के दौरान पानी की नापजोख के लिए लगे मापक स्तंभों को भी दुरुस्त कराया। एक्सईएन ने बताया कि वैसे तो समय-समय पर यमुना नदी में जलस्तर की माप की जाती है, लेकिन इन दिनों प्रयागराज में चल रहे कुंंभ की वजह से नदियों के जलस्तर पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
इससे कुंभ में स्नान के लिए पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के लिए पानी की कमी न हो साथ ही पहुंचने वाला पानी भी गंदा न हो। उन्होंने बताया कि औरैया स्थित यमुना नदी में वर्तमान में 100.68 मीटर है। क्योंकि इन दिनों यमुना नदी में पानी बहुत ही कम रह जाता है। ऐसे में जांच में पानी की स्थिति ठीक पाई गई।