औरैया। जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट स्थित मानस सभागार में 13 अगस्त से 15 अगस्त तक संपन्न होने वाले स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में हर घर तिरंगा कार्यक्रम का क्रियान्वयन सफलतापूर्वक किए जाने हेतु सभी संबंधितों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि सभी भवनों पर 13 अगस्त 2024 से 15 अगस्त 2024 तक झंडे लहराने चाहिए।
जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने मुख्य विकास अधिकारी राम सुमेर गौतम को कार्यक्रम का नोडल अधिकारी नामित करते हुए कहा कि इसकी सफलता के लिए सभी संबंधितों के साथ समीक्षा करते हुए विभागवार जिम्मेदारी निर्धारित की जाए। जिससे विद्यालयों, पंचायत भवनों, सरकारी भवनों तथा व्यक्तिगत भवनों पर भी झंडा लहराते हुए दिखाई दें। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि इसके लिए महिला समूह की महिलाओं से संपर्क कर निर्धारित आकार में झंडा तैयार कराते हुए क्रय किए जाएं।
उन्होंने झंडों की उपलब्धता के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद व नगर पंचायत आदि को निर्देशित किया। कहा कि अपने-अपने विभाग की आवश्यकता के अनुसार झंडों की व्यवस्था सुनिश्चित करें।
बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व महेंद्र पाल सिंह, मुख्य विकास अधिकारी राम सुमेर गौतम, उप जिलाधिकारी सदर राकेश कुमार, जिला विकास अधिकारी करुणापति मिश्र, जिला पंचायत राज अधिकारी कामिनी गौतम सहित संबंधित अधिकारी आदि उपस्थित रहे।
पर्यावरण के संतुलित बनाने में वृक्षों की रहती अहम भूमिका
औरैया। जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी की अध्यक्षता में जिला वृक्षारोपण समिति, जिला गंगा समिति एवं जिला पर्यावरण समिति की बैठक कलेक्ट्रेट स्थित मानस सभागार में की गई। जिलाधिकारी द्वारा निर्देशित किया गया कि पौधों की जियो टैगिंग व सुरक्षा सुनिश्चित की जाए तथा अगले माह प्रत्येक विभाग द्वारा जीवित पौधों की डिजिटल डायरी प्रस्तुत की जाए। संवाद