मुरादाबाद कचहरी में पेशी पर आए डिलारी के पूर्व ब्लाक प्रमुख की गोली मारकर के बाद जिले में भी कचहरी की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई। इस पर न्यायिक अधिकारियों ने कचहरी की सुरक्षा के मद्देनजर बैठक की। इसके बाद जिला जज के साथ पुलिस अधीक्षक मनोज तिवारी ने भी कचहरी की सुरक्षा का जायजा लिया। उन्होंने न्यायिक अफसरों से भी मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने बताया कि मेटल डिटेक्टर के साथ ही सीसी टीवी कैमरे भी लगाए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि जिला जजी के मुख्य द्वार पर मैटल डिटेक्टर लगाया जाएगा। हर आने-जाने वाले को इसी गेट से होकर गुजरना होगा। बाहरी लोगों की तलाशी भी ली जाएगी। इसके अलावा जिला जजी की आंतरिक सुरक्षा के लिए सीसी टीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इससे परिसर की हर गतिविधि कैमरे में कैद हो सकेगी। सीजेएम कोर्ट के पास वाले गेट को बंद कर दिया जाएगा जिससे कचहरी आने-जाने वाले की चेकिंग एक गेट से संभव हो सकेगी।
अधिवक्ताओं को जारी होंगे परिचय पत्र
जिला जजी की सुरक्षा की कड़ी में अधिवक्ताओं को भी शामिल किया गया है। वादों को लेकर कोर्ट में आने-जाने वाले सभी वकीलों को परिचय पत्र जारी किया जाएगा। इस बाबत भी डीजे श्री सिंह ने डीवीए अध्यक्ष को 2-3 दिन में अधिवक्ताओं को परिचय पत्र जारी करने को कहा है।