औरैया। शहर के दिबियापुर रोड से इकौरापुर को जोड़ने वाले मार्ग पर अब विकास की रफ्तार दिखने वाली है। यहां 300 मीटर लंबी सीसी रोड का निर्माण कराया जाएगा, इसमें करीब 22 लाख रुपये की लागत आएगी।
यह मार्ग लंबे समय से बदहाल है। कीचड़ व गड्ढों के कारण राहगीरों को परेशानी हो रही है। यह सड़क केवल इकौरापुर ही नहीं, बल्कि इसके आसपास बसे ककराही, रमपुरा, नगला कन्हैया, नगला भीकम, हरदुआगंज, फतेहपुर रसूलाबाद, बम्हौरी, भिटौरा, मुरादगंज रोड क्षेत्र, पट्टी कल्याणपुर और पखनपुर जैसे करीब एक दर्जन गांवों के लोगों के लिए जरूरी है।
इन गांवों की कुल आबादी लगभग 18 से 20 हजार के बीच बताई जाती है, जो रोजमर्रा के कामों के लिए इसी मार्ग से दिबियापुर और औरैया का रुख करते हैं।
अब तक सड़क कच्ची और जगह-जगह धंसी होने के कारण स्कूल जाने वाले बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और मरीजों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। खासकर बरसात के दिनों में एंबुलेंस और दोपहिया वाहनों का निकलना तक मुश्किल हो जाता है। कई बार ग्रामीणों ने इसकी शिकायत भी की थी।
सड़क बनने से ग्रामीणों को दिबियापुर बाजार, सीएचसी, सरकारी कार्यालय, तहसील, रेलवे स्टेशन और जिला मुख्यालय औरैया तक पहुंचने में आसानी होगी। साथ ही किसानों को अपनी फसल मंडियों तक ले जाने में समय और खर्च दोनों की बचत होगी।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता अमर सिंह ने बताया कि कार्य को स्वीकृति मिल चुकी है। जल्द ही कार्य शुरू करा दिया जाएगा।