फोटो-21- नंदलाल का पुरवा में लाखन के घर खुली पड़ी अलमारी। संवाद
औरैया/अटसू। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चोरों ने रात के अंधेरे का फायदा उठाकर नकदी समेत लाखों रुपये के जेवर पार कर दिए। अटसू के नंदलाल का पुरवा में चोरों ने एक ही रात चार घरों को निशाना बनाते हुए 10 लाख रुपये से अधिक के जेवर, रुपये व सामान पार कर दिया। वहीं, कंचौसी के महिपाल गांव में चोरों ने शादी के लिए रखे 6.25 लाख रुपये के जेवर और नकदी ले गए। उधर अछल्दा के कमारा स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय में बर्तन और राशन ले गए थे। चोर 24 घंटे के भीतर बर्तन वापस छोड़ गए।
अटसू क्षेत्र के गांव नंदलाल का पुरवा निवासी लाखन, रविंद्र, फूल सिंह और हर प्रसाद के घरों में शुक्रवार रात चोरों ने ताले तोड़कर 10 लाख से अधिक की चोरी की घटना को अंजाम दिया। पीड़ित हर प्रसाद के घर से 12 हजार रुपये और दस्तावेज गायब मिले। सुबह घर के अंदर सामान फैला देख पीड़ितों के होश उड़ गए। कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि प्राथमिक जांच में घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जल्द मामले का खुलासा किया जाएगा।
शादी के लिए रखी नकदी हुई पार
दिबियापुर थाना के कंचौसी चौकी के क्षेत्र के गांव महिपाल में शुक्रवार की रात चोरों ने घटना को अंजाम दिया। यहां पीड़ित राशिद खान के घर से चोरों ने 3.80 लाख रुपये और लाखों के जेवर पार कर दिए। पूछताछ के दौरान पीड़ित ने पुलिस को बताया कि नकदी और जेवर नवंबर में बेटे-बेटी की होने वाली शादी के लिए रखे गए थे। थाना प्रभारी निरीक्षक राजकुमार सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी हुई है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।