रुरुगंज। कुदरकोट थाना क्षेत्र के गांव नगला गुलाल निवासी दिनेश कुमार मंगलवार रात अपने घर के आंगन में परिवार के साथ सो रहे थे। तभी चोर खेतों के रास्ते उसके घर की दीवार में सेंध लगाकर कमरे में घुस गए। चोर कमरे से जेवरात व नकदी और कपड़ों से भरा लोहे का बक्शा निकाल कर ले गए।
पीड़ित की मां प्रेमा देवी ने बताया कि बक्शे में भी चांदी व सोने के जेवर व कपड़े और दो हजार रुपये रखे थे। पीड़ित दिनेश कुमार ने बताया कि मंगलवार रात करीब 12 बजे जब वह मोबाइल चार्ज करने के लिए कमरे में गया तो अंदर का नजारा देखकर उसके होश उड़ गए। देखा तो घर के अंदर सेंध लगी हुई थी। जिसके बाद मां को जगाया। सूचना पर पहुंची थानाध्यक्ष पूजा सोलंकी ने मामले की जानकारी की। वहीं पड़ोस में रहने वाले राम अवतार कमल के घर में भी चोरों ने सेंध लगा दी, लेकिन ग्रामीणों के जागने पर चोर भाग निकले। सीओ बिधूना भरत पासवान ने बताया कि मामले की जानकारी की जा रही है, कार्रवाई की जाएगी।