बेला थाने में समाधान दिवस पर फरियादियों की सुनवाई करते डीएम और एसपी।
- फोटो : AURAIYA
जनपद के समस्त थानों पर शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी अभिषेक सिंह व पुलिस अधीक्षक सुनीति ने संयुक्त रूप से थाना बेला पहुंचकर जनता की समस्याओं और शिकायतों को सुना और उनके त्वरित निस्तारण को संबंधित पुलिस अधिकारी को निर्देशित किया गया।
जिलाधिकारी ने थानाध्यक्ष से कहा कि समाधान दिवस में आए प्रार्थना पत्रों का निस्तारण गुणवत्ता परक व समयसीमा के भीतर कराया जाए। जिलाधिकारी के समक्ष कुल 11 शिकायतें आई। जिलाधिकारी ने सब शिकायतों को बारी-बारी से सुना।
जिलाधिकारी ने थानाध्यक्ष व लेखपालों को संपूर्ण समाधान दिवस खत्म होने के बाद मौके पर जाकर शिकायतों के निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी जमीन संबंधित शिकायतों पर निष्पक्ष कार्रवाई की जाए। कब्जा करने वाले दबंग व्यक्तियों को सख्त निर्देश दिए जाएं और कब्जा हटवाया जाए। यदि दबंगों द्वारा फिर से कब्जा किया जाता है3 तो उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाए।
थाने में हुए संपूर्ण समाधान दिवस में सलमान पुत्र सलामत अली ने प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उसके दरवाजे के सामने एक प्लाट है, जिसे वह 70 सालों से इस्तेमाल कर रहा है। परंतु गांव के ही दबंग इदरीश, यूनिस अली, अब्दुल समद व अब्दुल रहमान जबरन दबंगई दिखाकर कब्जा करना चाहते हैं जबकि उस पर दीवानी मुकदमा चल रहा है।
विपक्षीगण उसके साथ गालीगलौज करते हैं। फरियादी सलमान ने जिलाधिकारी व एसपी से न्याय दिलाने का अनुरोध किया जिस पर जिलाधिकारी ने थानाध्यक्ष को इसकी जांच कर उचित कार्रवाई करने को कहा।
इस मौके पर एसपी सुनीति ने पुलिस कर्मियों को निर्देश दिए कि वह थाने में आने वाले सभी फरियादियों से अच्छा व्यवहार करें। उनके द्वारा की जाने वाली शिकायतों को गंभीरता से सुने और उस पर निष्पक्ष कार्रवाई करते हुए पीड़ित को न्याय दिलाया जाए। किसी के साथ गलत नहीं होना चाहिए। सभी को एक समान रूप से देखा जाए। किसी के साथ किसी भी प्रकार का भेदभाव ना किया जाए।