अयाना।
थाना क्षेत्र के असेवा में शुक्रवार को 11 केवी लाइन को दुरुस्त करने के दौरान करंट लगने से संविदा लाइनमैन की मौत हो गई थी। शनिवार को मामले में अवर अभियंता ने संविदा एसएसओ के खिलाफ लापरवाही से कार्य करने की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
कुआगांव निवासी संविदा लाइनमैन रुस्तम सिंह (45) पुत्र रामजीलाल का शव शनिवार दोपहर को पोस्टमार्टम के बाद घर पहुंचा। परिजनों ने बिजली विभाग की ओर से मुआवजे की चेक व बेटे को नौकरी मिलने तक शव का अंतिम संस्कार न करने की बात कह हंगामा कर दिया। मौके पर पहुंचे एसडीओ भगौतीपुर सतेंद्र प्राताप सिंह ने मौके पर पहुंच कर विनायक इलेक्टि्रकल्स सासनी हाथरस की ओर से जारी पांच लाख की चेक परिजनों को सौंपी। साथ ही शेष ढ़ाई लाख रुपये जांच पूरी होने के उपरांत देने का आश्वासन दिया।
विभाग की ओर से बेटे को संविदा लाइनमैन की नौकरी देने की बात पर परिजन बिफर गए। इसके बाद अधिकारियों ने बेटे को संविदा ऑपरेटर के पद पर नियुक्ति देने का आश्वासन दिया। वहीं मौके पर पहुंचे भाजपा नेता ने 11 हजार, जेई अयाना शिवदत्त ने 10 हजार व जेई अजीतमल राजवीर सिंह ने 20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी। इसके बाद परिजनों ने संविदा लाइनमैन के शव का अंतिम संस्कार किया।
अवर अभियंता शिवदत्त ने कछपुरा उपकेंद्र पर परिचालन का कार्य कर रहे संविदा एसएसओ प्रशांत पोरवाल निवासी औरैया की लापरवाही से लाइनमैन की मौत होने का आरोप लगा तहरीर दी। थाना प्रभारी विजय कुमार पांडेय ने बताया तहरीर के आधार पर संविदा एसएसओ के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।