औरैया। बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर शनिवार सुबह पांच बजे के करीब बीच सड़क पर दुर्घटनाग्रस्त होने से खड़े ट्रक में पीछे से तेज रफ्तार कार जा टकराई। हादसे में कार चला रहे युवक की मौके पर मौत हो गई। जबकि कार में बैठे चार अन्य लोग घायल हो गए। कार सवार लोग रामपुर जिले के खंजीपुरा शाहबाद से अरिहंत होटल जबलपुर मध्य प्रदेश जा रहे थे।
रामपुर जिले के खंजीपुरा, तहसील शाहबाद निवासी स्व. गजराम सिंह यादव के पुत्र देवेंद्र यादव की शादी 28 मई को जबलपुर मध्य प्रदेश के अरिहंत होटल में होनी है। इसमें शामिल होने के लिए शनिवार को खंजीपुरा निवासी रामबाबू (30) पुत्र सुरेंद्र सिंह रिश्तेदारों को लेकर कार से निकले थे। शनिवार सुबह पांच बजे के करीब जब कार औरैया सदर कोतवाली क्षेत्र में बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के 248 माइल स्टोन के पास पहुंची। तभी बीच सड़क में दुर्घटनाग्रस्त होने से खड़े ट्रक में कार पीछे से जा टकराई।
हादसे में कार चला रहे रामबाबू (30) की मौके पर मौत हो गई। जबकि कार सवार दूल्हे का भाई धर्मेंद्र (28), रवि (30) पुत्र राकेश निवासी बहजोई शाह, राजेश यादव (42) पुत्र ज्ञान सिंह निवासी बिलारी मुरादाबाद तथा चचेरा भाई मनोज यादव (25) पुत्र समरपाल सिंह घायल हो गए। घटना के लगभग 20 मिनट बाद पीछे से पहुंची बरात की अन्य गाड़ियों से पहुंचे लोगों ने हादसा देख पुलिस को सूचना दी।
मृतक के चाचा विनीत यादव पुत्र राजपाल सिंह यादव ने बताया कि उनके ताऊ पूर्व प्रधान स्व. गजराम सिंह यादव के पुत्र देवेंद्र यादव की शादी में शामिल होने के लिए पांच कारों के अलावा अन्य वाहनों से जबलपुर जा रहे थे। हादसे के बाद दोनों परिवारों में गम का माहौल हो गया। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने सभी घायलों को 50 शैया अस्पताल पहुंचाया। जहां से हालत गंभीर होने पर चारों को सैफई रेफर किया गया है। कोतवाल पंकज मिश्रा ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त वाहन कब्जे में लिए गए हैं। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।