अनंतराम । हाईवे पर मंगलवार सुबह गांव फुटेकुआं के पास सर्विस रोड पर मुड़ रही भूसे से लदी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार भिड़ गई। हादसे में कार चालक घायल हो गया।
इटावा स्थित थाना भरेह क्षेत्र के गांव पहलन निवासी अंकुर गुर्जर मंगलवार सुबह अनंतराम की ओर से ट्रैक्टर-ट्रॉली में भूसा लादकर बाबरपुर जा रहा था। हाईवे पर वह गांव फुटेकुआं के पास सर्विस रोड पर उतरने के लिए मुड़ रहा था इसी दौरान एक बेकाबू कार सीधे ट्रॉली में घुस गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में कोतवाली क्षेत्र के गांव मुडैना रूपशाह निवासी कार चालक ऋषभ (22) भदौरिया घायल हो गया। हादसे में कार का एयरबैग खुलने से चालक बच गया। घायल चालक को पास के निजी अस्पताल ले जाया गया। कोतवाल ललितेश नारायण त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहन को सड़क से हटवा दिया था। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।