औरैया। चेक बाउंस मामले में अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश-प्रथम पारुल जैन की अदालत ने मध्यस्थता केंद्र के जरिये हुए समझौते के आधार पर अपील स्वीकार कर महिला व्यापारी को दोषमुक्त कर दिया है। इसके साथ ही निचली अदालत से सुनाई गई छह माह के कारावास की सजा और जुर्माने के आदेश को निरस्त कर दिया गया है।
उन्नाव के दही चौकी स्थित मैसर्स दीप फूड मार्ट की पार्टनर कविता यादव के खिलाफ मनोज कुमार यादव ने चेक बाउंस के तहत अदालत में परिवाद दाखिल किया था। इस मामले में अपर सिविल जज (जूनियर डिवीजन) की अदालत ने 30 अगस्त 2025 को कविता यादव को छह माह के साधारण कारावास और 5.70 लाख रुपये के अर्थदंड की सजा सुनाई थी।
इस फैसले के खिलाफ कविता यादव ने अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश-प्रथम की अदालत में दंड अपील दाखिल की थी। अपील लंबित रहने के दौरान दोनों पक्षों के मध्य विवाद को सुलझाने के लिए मामला जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के मध्यस्थता केंद्र को भेजा गया। मध्यस्थता केंद्र में दोनों पक्षों के बीच 4.50 लाख रुपये में समझौता तय हुआ। तय समझौते के तहत कविता यादव ने शिकायतकर्ता मनोज कुमार को पूरी धनराशि तीन किस्तों में अदा कर दी।
शिकायतकर्ता मनोज कुमार ने अदालत में प्रार्थना पत्र प्रस्तुत कर स्वीकार किया कि उन्हें समझौते की पूरी रकम मिल चुकी और अब कोई धनराशि बकाया नहीं है। उन्होंने समझौते के आधार पर अपील का निस्तारण करने और सजा समाप्त किए जाने पर कोई आपत्ति न होने की बात कही। अपील की सुनवाई के दौरान अदालत के आदेश पर कविता यादव की ओर से 1.14 लाख रुपये न्यायालय में जमा कराए गए थे। दोनों पक्षों में पूरा भुगतान हो चुका था, इसलिए अपीलकर्ता ने जमा राशि वापस दिलाए जाने की गुहार लगाई।
न्यायाधीश पारुल जैन ने पक्षकारों के मध्य हुए समझौते को दृष्टिगत रखते हुए अधीनस्थ न्यायालय की ओर से 30 अगस्त 2025 को पारित दोषसिद्धि व दंडादेश को निरस्त कर दिया तथा कविता यादव को दोषमुक्त कर दिया। साथ ही न्यायालय में जमा 1.14 लाख रुपये की राशि 60 दिनों के भीतर नियमानुसार अपीलकर्ता को वापस करने के आदेश दिए हैं।