औरैया। होली पर यात्रियों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने और राजस्व बढ़ोतरी के लिए औरैया डिपो के अधिकारियों ने कमर कस ली है। 23 मार्च से पांच अप्रैल तक लंबे रूटों पर बसों की संख्या बढ़ाए जाने के साथ ही छोटे रूटों पर यात्रियों को दिक्कत न हो, इसके लिए बसों के चक्कर बढ़ाए गए हैं। परिवहन विभाग की ओर से जारी दिशा निर्देशों की जानकारी चालकों-परिचालकों को दी गई है। चालकों-परिचालकों की छुट्टियां कैंसल कर दी गईं हैं।
औरैया डिपो से 76 बसों का संचालन हो रहा है। इन बसों के संचालन के लिए इस समय 180 चालक और 181 परिचालक हैं। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक (एआरएम) आरएस चौधरी ने बताया कि होली त्योहार को देखते हुए दिल्ली रूट पर बसों की संख्या 18 से 25 कर दी गई है। इसके साथ ही आगरा-कानपुर रूट पर बसों की संख्या आठ से 12 कर दी गई है। लंबे रूटों पर बसों की संख्या बढ़ाए जाने से छोटे रूटों पर बसों के फेरे बढ़ाए जाएंगे। जिस रूट पर अधिक सवारियां देखी जाएंगी, वहां बसों की संख्या बढ़ाई जाएगी। कार्यालय सहायक आरएन दुबे ने बताया कि पिछले वर्ष से अधिक राजस्व बढ़ोतरी के लिए नए चार्ट के अनुसार बसों का संचालन शुरू करा दिया गया है।
रूट संचालित बस
औरैया-दिल्ली 25
औरैया-आगरा 10
औरैया-बिधूना-आगरा 06
कानपुर - आगरा 12
औरैया - लखनऊ 04
औरैया - गुरुग्राम 02
औरैया - ग्वालियर 02
औरैया - मुरादाबाद 02
औरैया - शाहजहांपुर 02
चालक-परिचालकों के लिए प्रोत्साहन योजना
23 मार्च से पांच अप्रैल तक परिवहन विभाग ने चालकों व परिचालकों के लिए प्रोत्साहन योजना का शुभारंभ किया है। जो चालक व परिचालक (संविदा सहित) 12 दिन तक ड्यूटी करने के साथ ही मानक पूरा करेंगे, उन्हें प्रोत्साहन योजना के तहत पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया जाएगा।