फफूंद (औरैया)। ककोर मार्ग पर बुधवार दोपहर बाद एक तेज रफ्तार निजी बस ने साइकिल सवार किशोरों को टक्कर मार दी। हादसे में एक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दूसरा दूर जा गिरा।
दोनों दादी-बाबा को खाना देकर साइकिल से घर लौट रहे थे। उधर, किशोर की मौत की खबर से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगा दिया और कार्रवाई की मांग पर अड़ गए।
एसडीएम व सीओ ने मामला शांत कराया। करीब एक घंटे तक यातायात बाधित रहा। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। तहरीर पर पुलिस ने निजी बस चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
गांव माखनपुर निवासी पुष्पेंद्र कुमार राजपूत के वृद्ध पिता प्रताप सिंह व मां पान कुमारी गांव के बाहर ककोर मार्ग पर स्थित मकान में रह रहे हैं। बुधवार को पुष्पेंद्र कुमार का 13 वर्षीय बेटा रोहित दोपहर ढाई बजे अपने बाबा व दादी को खाना देने के लिए गांव निवासी गुलशन के साथ साइकिल से ककोर मार्ग गया था।
खाना देकर दोनों जैसे ही गांव के लिए चले। तभी फफूंद की ओर से आई तेज रफ्तार बस ने उनकी साइकिल में सामने से टक्कर मार दी। हादसे में साइकिल चला रहे रोहित की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं पीछे बैठा गुलशन टक्कर लगने से खेतों में दूर जा गिरा।
गुलशन को मामूली चोटें आई हैं। हादसे के बाद चालक बस समेत भाग निकला और दिबियापुर रोड पर एक ढाबे के पास बस छोड़कर फरार हो गया। घटना की जानकारी होते ही आसपास के पांच से अधिक गांव के लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। उन्होंने सड़क पर जाम लगा दिया।
मौके पर पहुंची फफूंद पुलिस ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन लोग शांत नहीं हुए। बाद में एसडीएम सदर राकेश सिंह और सीओ अजीतमल ने लोगों से बात की। उन्होंने मुआवजे का भरोसा देकर लोगों को शांत किया।
इसके बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। रोहित गांव दखलीपुर माध्यमिक विद्यालय में कक्षा आठ का छात्र था। उसकी मौत से बड़े भाई सुमित और मां फूलनदेवी, पिता और दादी-बाबा का रो-रोकर बुरा रहा।
एक माह से टूटा बिजली का खंभा बना हादसे की वजह
घटनास्थल से 10 मीटर दूर ही बिजली विभाग का टूटा खंभा लगा है। ग्रामीण फूलसिंह, अंशुल, कप्तान सिंह, प्रशांत और नरेश आदि ने बताया कि खंभा टूटे एक महीने से अधिक हो गया। कई बार बिजली विभाग से खंभा बदलाने की मांग की, लेकिन इसे बदला नहीं गया। टूटा खंभा केबल के सहारे झुका हुआ है और आधी सड़क को घेरे है।
इससे बड़े वाहन मोड़ पर नीचे उतरकर निकलते हैं और हादसे की आशंका बनी रहती है। इस घटना में भी फफूंद की ओर से आई तेज बस खंभे से बचने के चक्कर में किशोर को टक्कर मार गई। इसको लेकर ग्रामीण खासे गुस्साए हैं। उन्होंने इसकी शिकायत एसडीएम से की। एसडीएम ने तत्काल विद्युत अधिकारी को फोन कर खंभे को बदलने के निर्देश दिए।