बीती रात चोरों ने फफूंद थाना क्षेत्र के दो गांवों में लाखों रुपये की नगदी एवं जेवर चोरी कर लिए। वहीं चोरों ने तीन घरों के ताले तोड़कर चोरी करने का प्रयास किया। पुलिस ने घटना स्थलों का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।
गांव जुआ निवासी निर्मल कुमार पुत्र राधेश्याम शंखवार के घर पिछले दरवाजे की कुंडी तोड़कर बदमाश घर के अंदर घुस आए। बिजली न होने के कारण घर के लोग बाहर तथा छत पर सो रहे थे।
चोरों ने कमरों का ताला तोड़कर दो लाख रुपये नगद लगभग छह लाख के जेवरात पार कर दिए। इस घर में आनंद कुमार का परिवार भी रहता है। वारदात में चोरों ने दोनों परिवारों को निशाना बनाया है।
इसी गांव निवासी विवेक पोरवाल के घर पर दीवार फांदकर चोर अंदर घुस गए, उस समय विवेक अपने परिवार के साथ छत पर सो रहा था। चोरों ने कमरे का ताला तोड़कर 20000 रुपये नगद तथा जेवरात पार कर दिए। उक्त परिवार को सुबह जागने पर ही घर में चोरी होने का पता लगा।
गांव के किनारे जनक सिंह यादव के मकान के मैन गेट का ताला तोड़कर बदमाश घर के अंदर घुस गए। कमरों का ताला तोड़कर चोरों ने 10760 रुपये नगद एवं तीन तोले सोने के जेवरात तथा कपड़ों पर हाथ साफ कर दिया। गृहस्वामिनी रात दो बजे जगी तो घर में बिखरा सामान देख चोरी का पता चला।
तेज सिंह, अशोक कुमार प्रजापति, एवं होरीलाल प्रजापति के घरों के बदमाशों ने ताले तोड़कर चोरी का प्रयास किया। घरवालों के जागने पर चोर चोरी नहीं कर पाये और भागने पर सफल रहे।
चोरी की दूसरी घटना दिबियापुर स्थित गांव दयालनगर निवासी मूलचंद्र पुत्र रतिराम के घर पर हुई। यहां घर की दीवार फांदकर घुसे चोरों ने लगभग एक लाख रुपये के जेवरात व तीन हजार रुपये चोरी कर ले गए।
चोर मूलचंद्र के घर से जमीन, ट्रैक्टर व बैंक के कागजात भी अपने साथ ले गए, जबकि परिजन छत पर सोते ही रहे। इस बारे में कार्यवाहक थानाध्यक्ष रविन्द्र सिंह यादव से पूछा तो बताया कि उक्त चोरियों की रिपोर्ट नहीं लिखी गई है। जांच की जा रही है, जांच के उपरांत कार्रवाई की जाएगी।