सर्राफा व्यापारी को गोली मारकर लूटपाट का पांचवे दिन भी पुलिस खुलासा नहीं कर पाई। आक्रोशित सर्राफा व्यापारियों ने घटना के खुलासे की मांग की। चेतावनी भी दी कि यदि जल्द ही घटना न खुली, तो व्यापारियों को साथ लेकर आंदोलन किया जाएगा।
लोहियानगर निवासी दिलीप उर्फ पप्पन यादव को गोली मारकर उस समय जेवरात एवं नकदी भरा थैला लूट लिया गया था। जब वह अपनी दुकान बंद कर घर जा रहे थे। घटना के पांच दिनों बाद भी पुलिस अभी तक कोई खुलासा नहीं कर पाई। इसके चलते सर्राफा व्यापारियों में खासा आक्रोश है।
दिबियापुर के सर्राफा व्यापारी एकत्रित होकर थाने पहुंचे। साथ में घायल सर्राफा व्यापारी दिलीप यादव के बड़े भाई उत्तर प्रदेश सिंचाईं संघ के प्रदेशीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष त्रिनेत्र सिंह यादव भी थे। सभी ने एक सुर से घटना के खुलासे की मांग की।
सभी व्यापारियों ने एक सुर से चेतावनी दी कि यदि जल्द ही घटना का खुलासा न हुआ तो जिले से लेकर प्रदेश स्तर पर आंदोलन की रुपरेखा तैयार की जाएगी।
सर्राफा एसोसिएशन के संरक्षक उमाकांत सोनी, व्यापार मंडल अध्यक्ष सुखलाल गुप्ता, ऐसोशिएसन अध्यक्ष बारेलाल पाल, श्यामबाबू गुप्ता, श्रीकांत सोनी, राजा भइया, देवेंद्र बजरंगी पोरवाल, मनोज पोरवाल, राजू वर्मा, अशोक सर्राफ, आलोक पोरवाल, हरीश पालीवाल, देवेंद्र पोरवाल, हरीशंकर पोरवाल, बिल्लू सोनी आदि मौजूद रहे।