औरैया। निरीक्षण में लापरवाही मिलने पर बीएसए ने सात शिक्षकों का वेतन रोकने की कार्रवाई की है। इसके साथ ही कई शिक्षकों से स्पष्टीकरण तलब किया गया है।
बीएसए अनिल कुमार ने बताया कि 13 जुलाई को ऐरवाकटरा ब्लाॅक के परिषदीय स्कूलों का निरीक्षण किया था। जिसमें ईश्वरपुर प्राथमिक विद्यालय में मवेशी बंधे मिले थे। विद्यालय में प्रधानाध्यापक हरिपाल सिंह व शिक्षा मित्र सुमन लता नहीं मिले थे। वहीं ईश्वरपुर उच्च प्राथमिक स्कूल में शिक्षक स्वदेश राजपूत, संजीव यादव नदारद मिले थे। इनके खिलाफ वेतन रोकने की कार्रवाई की गई है। रमपुरा यूपीएस में शिक्षक राजप्रकाश, कुदरकोट यूपीएस के प्रधानाध्यापक प्रभुदयाल, सहायक अध्यापक मनोज कुमार पाल व दुर्गा कुशवाहा निरीक्षण के दौरान नहीं मिले थे। इन चार शिक्षकों का एक दिन का वेतन काटा गया है। शिक्षकों से इस मामले में स्पष्टीकरण भी तलब किए गए है।
इनसेट
बीएसए ने मांगा स्पष्टीकरण
13 जुलाई को बीएसए ने ऐरवाकटरा व कुदरकोट में स्कूलों को जांचा। वहीं इसके बाद भी परिषदीय स्कूलों की व्यवस्थाएं पटरी पर आती नहीं दिख रही है। यही वजह है कि शनिवार को ऐरवाकटरा ब्लॉक के मुरदापुर प्राथमिक विद्यालय में प्रधानाध्यापक के स्कूल देरी से पहुंचने का मामला सामने आया था। यहां चाबी प्रधानाध्यापक के पास होने के चलते बच्चे व अन्य शिक्षक स्कूल के बाहर ही घंटों इंतजार करते रहे। इस मामले में बीएसए ने प्रधानाध्यापक से स्पष्टीकरण तलब किया है।
-