अजीतमल। क्षेत्र के खुखूपुर गांव निवासी एक युवक की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई।
फूलपुर ग्राम पंचायत के गांव खुखूपुर निवासी 35 वर्षीय सुभाष राज मिस्त्री का काम कर अपनी पत्नी ऊषा, दो पुत्रों और तीन पुत्रियों का भरण पोषण करता था। सोमवार की रात वह क्षेत्र के जलोखर गांव में अपनी बहन के घर साइकिल से जा रहा था। रात करीब नौ बजे मुरादगंज गांव के पास किसी वाहन ने उसे कुचल दिया। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस उसे सीएचसी अजीतमल ले आई। डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। शिनाख्त न होने पर शव को मोर्चरी औरैया में सुरक्षित करवाया। बहन के घर सुभाष के न पहुंचने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की। सड़क दुर्घटना में युवक की मौत की सूचना पर परिजन अजीतमल कोतवाली पहुंचे। जहां सुभाष के शव की पहचान हुई।
कोतवाल राजकुमार सिंह ने बताया कि सड़क दुर्घटना में सुभाष की मौत हुई है। उसके चचेरे भाई अनुकर्ष की ओर से दी गई फौती सूचना के आधार पर शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।