हादसा होने के बाद चालक लोडर छोड़ कर भाग गया। उधर से निकले राहगीरों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। कोतवाली पुलिस गंभीर रूप से घायल को लेकर अस्पताल पहुंची। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी पर पहुंचे परिजनों का बुरा हाल था।
परिवार के लोगों ने पुलिस को बताया कि मृतक बहन की शादी की तैयारियों में जुटा था। वह टाइल्स लगाने का काम करता है। उसके पांच वर्ष का बेटा मंगल व एक तीन माह की बेटी है। कोतवाली प्रभारी रवि श्रीवास्तव ने बताया कि शव को कब्जे में लिया गया है, तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
कल होनी है बहन की शादी, गम में बदली खुशियां
संदीप के पिता और चाचा की दो माह के अंतराल में मौत हो चुकी है। परिवार और बहन सत्तो की शादी की जिम्मेदारी संदीप पर थी। पिछले 15 दिनों से वह बहन की शादी की तैयारियों में जुटा था। हादसे की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया। परिजनों ने बताया कि 28 नवंबर को बहन की शादी होनी है। घर पर सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं।
समय से मिलता उपचार तो बच सकती थी जान
जिस जगह पर हादसा हुआ वहां अंधेरा था। राहगीर गुजरते गए पर उन्हें हादसे का आभास नहीं हुआ। इसी बीच पैदल गुजर रहे राहगीरों की नजर लोडर से गिरे सामान पर नजर पड़ी, तो पास पहुंचे तो संदीप घायल मिला। जब तक अस्पताल भेजा जाता, उसने दम तोड़ दिया। वहीं, परिजनों ने पोस्टमार्टम हाउस तक शव भेजे जाने के लिए एम्बुलेंस न मिलने पर नाराजगी जताई।