भीषण गर्मी में बिजली संकट से जूझ रहे उपभोक्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा और वह सड़कों पर उतर आए। उपभोक्ताओं ने बिजली विभाग के खिलाफ नारे लगाकर भगत सिंह चौराहा जाम कर दिया। मामले की जानकारी पर पहुंचे जेई ने छह घंटे के अंदर ट्रांसफार्मर बदले जाने का आश्वासन दिया, इसके बाद ग्रामीणों ने जाम खोल दिया।
गुरुवार को गर्मी से बेहाल स्थानीय लोगों का धैर्य जवाब दे गया। गुस्साए लोग सड़कों पर उतर आए और हंगामा करते हुए नारेबाजी करने लगे। लोगों ने भगत सिंह चौराहे पर जाम कर लगाकर विरोध दर्ज कराया, जिससे तमाम वाहन जाम में फंस गए।
इधर हंगामा और जाम की सूचना मिलते ही जेई आमोद आनंद मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनी। दो घंटे तक लगे जाम में लोगों को परेशानी भी उठानी पड़ी।
जेई ने छह घंटे के अंदर ट्रांसफार्मर बदले जाने का आश्वासन दिया है। बताते चलें कि भीषण गर्मी में ट्रांसफार्मर फुंकने से उपभोक्ता परेशान थे, उन्हें गर्मी और बिजली संकट दोनों से जूझना पड़ रहा था। बिजली विभाग के अधिकारी लगातार शीघ्र ट्रांसफार्मर लगवाए जाने का आश्वासन दे रहे थे।