संवाद न्यूज एजेंसी
फफूंद। कस्बा के एक मोहल्ला में कुछ युवकों ने एक किन्नर के घर का ताला तोड़कर उसमें ताजिये रख दिए। जानकारी पर कई किन्नर थाने पहुंच गए। पुलिस को युवकों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। शांति व्यवस्था कायम रहे इसको लेकर पुलिस मौके पर पहुंची और जानकारी कर दूसरे पक्ष को थाने ले आई। जहां किन्नरों से आपसी समझौता होने के बाद मामला शांत हो सका।
रविवार दोपहर 20 से ज्यादा किन्नर थाना पहुंचे। किन्नर चंदारानी ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि कस्बा के मोतीपुर मोहल्ले में उसका घर है। सुबह वह अपने घर में ताला लगाकर क्षेत्र में गई हुई थी। इसी बीच मोहल्ले के ही कुछ युवकों ने उसके घर का ताला तोड़कर उसमें ताजिए रख दिया। जब वह लौटी तो देखा की घर में ताजिया रखा हुआ है। जिसकी उसने युवकों से शिकायत की तो वह लोग गाली-गलौज करते हुए मारपीट पर आमादा हो गए।
चंदारानी किन्नर समाज की अध्यक्ष बकेवर निवासी सपना बाई के साथ थाने पहुंचीं। पुलिस व लेखपाल ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्ष को सुनकर उनके कागजात देखे और दूसरे पक्ष को थाने ले आई। जहां आरोपी पक्ष द्वारा ताजिया को दूसरी जगह ले जाकर रखने का भरोसा देने के बाद किन्नर समाज के लोग मान गए। प्रभारी निरीक्षक जीवाराम ने बताया कि मामले को लेकर दोनों पक्ष की बात सुनी गई। दोनों पक्षों ने समझौता कर लिया है।