मंगलवार को दोपहर रुक- रुक कर काफी देर तक हुई बरसात से उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत मिली। वहीं, बारिश से किसानों के चेहरे भी खिल उठे।
किसानों का कहना है कि माइनरों में पानी न आने से सिंचाई की समस्या से वह लोग परेशान थे। अब इस बारिश से कुछ राहत मिलेगी। वहीं, मौसम विशेषज्ञों ने दो दिन बाद मानसून आने की संभावना जताई है।
मंगलवार की सुबह चटक धूप निकली, लेकिन लगभग 10 बजे अचानक बादल छा गए। दोपहर होते-होते बारिश शुरू हो गई। रुक- रुक कर काफी देर तक बारिश हुई। इससे कई दिन से उमस भरी गर्मी से परेशान लोगों ने राहत महसूस की।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. संदीप सिंह ने बताया कि बुधवार और गुरुवार को भी बारिश के आसार हैं। मंगलवार को हुई प्री मानसूम बारिश से तापमान में गिरावट देखने को मिली। अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री कम 32.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 26.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
उधर, बारिश से किसानों के चेहरों पर मुस्कान देखने को मिली। रौतियापुर निवासी किसान आनंद चतुर्वेदी ने बताया कि नहर व माइनरों में पानी न होने से किसान परेशान थे। बारिश ने किसानों की मुश्किलों को कम कर दिया है।
अजीतमल के किसान बृजेंद्र दीक्षित, लला तिवारी, नीरज दुबे, लक्ष्मण सिंह, गुर्जर आदि ने बताया कि अगर समय पर मानसून की बरसात हो जाती है तो उनका पानी पर खर्च होने वाला काफी पैसा बच जायेगा और फसल भी अच्छी होगी।