औरैया। पिछले एक सप्ताह से भीषण गर्मी और उमस हो रही थी। शनिवार की सुबह भी चटख धूप और उमस रही, लेकिन, शाम को अचानक मौसम बदल गया। तेज आंधी के साथ बूंदाबांदी हुई। इससे लोगों ने भीषण गर्मी से कुछ राहत महसूस की।
हालांकि बारिश थमने के बाद उमस फिर से हावी हो गई। बूंदाबांदी होने के कारण अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियम से दो डिग्री कम होकर 40 पर आ गया। वहीं, न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियम रहा। मौसम वैज्ञानी के अनुसार मंगलवार को बारिश होने की संभावनाएं बन रही है।
शनिवार सुबह से ही गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए। गर्मी और धूप के कारण बाजारों में सन्नाटा पसर गया। दोपहर भर सवारियां न मिलने ले वाहन चालक भी परेशान रहे। हवा के गर्म थपेड़ों ने लोगों की मुश्किलें और अधिक बढ़ा दीं।
ऐसे में दोपहर बाद अचानक आई आंधी-बारिश ने लोगों के चेहरों पर मुस्कान ला दी। गर्मी से झुलस रहे लोगों को हल्की-हल्की फुहारों ने गर्मी से निजात दिलाई।
मौसम विज्ञानी के अनुसार आंधी और बूंदाबांदी के बाद अब दो दिनों तक मौसम साफ रहेगा। मंगलवार से लेकर गुरुवार तक बारिश के आसार हैं। ऐसे में फिलहाल दो दिनों तक लोगों को गर्मी से जूझना पड़ेगा।
आंधी के बाद गुल बिजली
आंधी और बूंदाबांदी के कारण दोपहर के बाद कई स्थानों की बिजली गुल हो गई। पेड़ की टहनियां तारों पर गिरने से फॉल्ट हो गए। जिला मुख्यालय के नारायनपुर, बदनपुर, दयालपुर, समरथपुर, बनारसीदास मोहल्ला, खानपुर, मधुपुर, नरोत्तमपुर, आनेपुर गांव के साथ ही एक दर्जन से अधिक मोहल्लों और गांवों की बिजली आपूर्ति बंद रही। एसडीओ अजय कुमार ने बताया कि तेज आंधी के कारण कई स्थानों पर फॉल्ट हो गए थे। इसको दुरुस्त करने के लिए टीम को तत्काल प्रभाव से लगाया गया था। देर रात तक सभी स्थानों की बिजली आपूर्ति प्रारंभ कर दी जाएगी।