अजीतमल। विकास खंड अजीतमल क्षेत्र की ग्राम पंचायत पचदेवरा में 28,786 लाख रुपये की लागत से जल जीवन मिशन के तहत बनी पानी की टंकी की बाउंड्रीवॉल पहली बारिश में धराशाही हो गई। वही टंकी के फाउंडेशन में भी दरारें आ गई हैं।
बता दें कि ग्रामीण क्षेत्रों में हर घर नल योजना अंतर्गत पचदेवरा के पास अर्रू की मड़ैया में टंकी के आसपास बनी बाउंड्री वॉल पहली बरसात में भरभरा कर गिर गई। फर्श भी धंस गया है। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि पानी की टंकी के निर्माण से लेकर बाउंड्री वॉल के निर्माण में मानकों को ताक पर रखकर निर्माण कार्य किया गया है।
इस संबंध में जूनियर इंजीनियर अनुराग गोयल से बात की गई तो उनका कहना था कि प्रथम दृष्टया किसी के धक्का मार कर बाउंड्री को गिराए जाने का मामला लग रहा है।