अनंतराम। गांव फूलपुर में मंगलवार सुबह एक शटरिंग मिस्त्री का शव आम के पेड़ पर फंदे से लटका मिला। पुलिस की जांच में पता चला कि शराब का लती होने से अक्सर घर में विवाद होता था।
गांव फूलपुर निवासी शटरिंग मिस्त्री प्रमोद दोहरे (35) के परिवार में पत्नी संगीता और दो बेटे शिवा (13) और देव(10) हैं। सुबह गांव के बाहर गांव निवासी जंग बहादुर के खेत में आम के पेड़ पर उसका शव फंदे से लटका देख ग्रामीणों ने परिजन व पुलिस को सूचना दी। परिजन ने बताया कि सोमवार रात खाने के बाद सब सोने गए थे, लेकिन प्रमोद रात में कब घर से बाहर निकल गए, इसकी किसी को भनक तक नहीं लगी। वहीं, फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। मृतक तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था। बेटे की मौत से मां सियाराम और पिता राम सिंह का रो-रोकर बुरा हाल है। कोतवाल विनोद कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट में मौत का सही कारण स्पष्ट हो सकेगा।