अजीतमल (औरैया)। सोशल मीडिया पर रविवार सुबह पीआरवी (पुलिस रिस्पांस व्हीकल) का वीडियो वायरल हुआ। इसमें कंटेनर चालक से वसूली का आरोप लगाया गया है। इस खबर से पुलिस महकमे में खलबली मची रही। कोतवाली प्रभारी का कहना है कि आरोप बेबुनियाद है। नशे में होने पर चालक को रोका गया था।
इटावा के थाना चकरनगर निवासी मनोज पुत्र शिवनारायण रविवार सुबह अपनी बोलेरो से औरैया जा रहे थे। रास्ते में कंटेनर को लहराते हुए चलता देख उन्होंने इसकी जानकारी गांव मोहारी के पास हाईवे पर खड़ी पीआरवी को दी। सूचना मिलने के बाद पीआरवी ने कुछ ही दूरी पर कंटेनर को रोक लिया। पुलिसकर्मियों ने कंटेनर चालक को शराब के नशे मेें पाया।
पुलिस ने चालक को कंटेनर से उतारा। इस बीच किसी ने खींचतान का वीडियो लिया और वायरल कर दिया। इसमें पुलिसकर्मियों पर चालक से वसूली का आरोप लगाया गया है। कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार शुक्ला ने बताया कि पीआरवी जवानों सहित कंटेनर चालक व बोलेरो चालक से जानकारी की गई है। कंटेनर चालक के नशे मेें होने पर उसे पीआरवी ने रोका था और दूसरे चालक से गाड़ी चलाने को कहा था। उन्होंने कहा कि आरोप बेबुनियाद है।