थाना क्षेत्र के चिरिहा ग्राम में देर शाम खाना बनाते समय सिलेंडर फटने से पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में तीन की हालत नाजुक होने पर उन्हें सैफई रिफर किया गया। इधर आग से घर में रखा सामान जलकर राख हो गया। घटना का कारण गैस लीकेज सामने आया है।
चिरिहा ग्राम में देर शाम आदेश कुमार पुत्र तुलाराम की बहू राधा खाना बनाने किचिन में गई। तभी गैस जलाते समय सिलेंडर से लीकेज के कारण आग पकड़ ली। कुछ ही देर में तेज धमाके के साथ सिलेंडर फट गया, जिससे घर के अंदर मौजूद आदेश कुमार, राधा, अनिल कुमार, गोलू व जगमोहन आग की चपेट में आ गए।
तेज धमाके के साथ फटे सिलेंडर की आवाज सुनकर पड़ोसी दौड़ पड़े। पड़ोसियों ने किसी तरह आग की लपटों में फंसे पांचों लोगों को बाहर निकाल सीएचसी भर्ती कराया। इधर अनिल कुमार, गोलू व जगमोहन की हालत गंभीर होने पर सीएचसी के डाक्टरों ने उन्हें सैफई रिफर कर दिया है। आग से लाखों रुपये का नुकसान होने का अनुमान है।