बाइकर्स गैंग का शिकार पीड़ित प्रदीप कुमार।
- फोटो : Amar ujala
दिबियापुर-फफूंद बाईपास पर बाइक सवार तीन बदमाशों ने साइकिल सवार युवक का मोबाइल लूट लिया और भाग गए। पीड़ित ने कोतवाली में घटना की जानकारी देते हुए तहरीर दी है। पुलिस ने कार्रवाई का भरोसा देकर टरका दिया। बता दें कि बाइकर्स लूट की कई घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं लेकिन पुलिस इन्हें पकड़ने में पूरी तरह नाकाम साबित हो रही है।
शनिवार को शहर के दिबियापुर-फफूंद बाईपास पर दोपहर करीब दो बजे जालौन निवासी प्रदीप कुमार पुत्र सेवाराम साइकिल से घर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में बंबा की पुलिया के पास पीछे से आ रहे बाइक सवार तीन लोगों ने उसे रोक लिया। बाद मेें जामा तलाशी पर उसकी जेब में पड़ा मोबाइल लूट कर भाग गए। इस बीच पीड़ित ने उनका विरोध करने का प्रयास किया लेकिन तीन युवकों के आगे उसकी एक न चली। पीड़ित ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस को तहरीर देकर मामला दर्ज कराने व मोबाइल बरामद कराने की गुहार लगाई है।
वहीं, आए दिन बाइकर्स गैंग की ओर से की जा रहीं लूट की घटनाओं से आम आदमी परेशान है। इससे पहले भी बाइकर्स गैंग चिरुहूली गांव के पास एक प्रधानाध्यापक से दो हजार व मधुपुर गांव निवासी एक युवक को तमंचे की बट मारकर एक हजार रुपये व मोबाइल लूट ले गए थे। मई माह में ही इस गैंग ने करीब आधा दर्जन घटनाओं को अंजाम दिया लेकिन बाइकर्स गैंग का पुलिस सुराग तक नहीं लगा सकी है।