बिधूना। अछल्दा मार्ग पर सड़क पर सुखाए जा रहे मक्का से फिसलकर एक बाइक अनियंत्रित हो गई। इससे बाइक सवार दंपती गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल दंपती को सीएचसी में भर्ती कराया गया है। नाजुक हालत देख उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया है।
कस्बा बिधूना निवासी यतेंद्र कुमार अपनी पत्नी शीलू के साथ अजीतमल से वापस बिधूना जा रहे थे। रात साढ़े आठ बजे तेजपुर गांव के सामने सड़क पर सूखने के लिए डाला गया मक्का बाइक सवार दंपती देख नहीं पाए। ऐसे में उनकी बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। घायल दंपती को सीएचसी अछल्दा पहुंचाया गया, जहां नाजुक हालत देख दोनों को जिला अस्पताल रेफर किया।
ग्रामीणों ने इस तरह सड़क पर मक्का सुखाने को लापरवाही बताते हुए प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है। लोगों ने कहा कि इस मार्ग पर अक्सर वाहन तेज गति से चलते हैं। ऐसे में हादसों की आशंका बनी रहती है।
रविवार के अंक में अमर उजाला ने सड़कों पर सूख रहे मक्का से हादसे की आशंका खबर प्रकाशित की थी। एसडीएम गरिमा सोनकिया ने स्थानीय पुलिस को क्षेत्र की सड़कों से मक्का हटाने के निर्देश दिए हैं।