संवाद न्यूज एजेंसी
बिधूना। कोतवाली क्षेत्र के एरवाकटरा रोड पर बुधवार रात सवा आठ बजे के करीब बाइक सवार तीन युवकों को किसी वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद राहगीरों की नजर क्षतिग्रस्त बाइक व घायलों पर पर पड़ी तो पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद तीनों घायलों को सीएचसी ले जाया गया। जहां चिकित्सक ने एक को मृत घोषित कर दिया। जबकि अन्य दोनों घायलों की हालत नाजुक बताई गई है।
कन्नौज जनपद के थाना छिबरामऊ गांव जाफराबाद निवासी अमित पुत्र रमेश (24) अपने गांव के दो साथियों गौरव पुत्र मिलाप सिंह व रोहित पुत्र चिंटू के साथ एरवाकटरा से बाइक से बिधूना की ओर आ रहा था। जहां रास्ते में रठगांव समीप उनकी बाइक में किसी वाहन ने टक्कर मार दी। राहगीरों की नजर सड़क पर पड़े तीनों घायलों व बाइक पर पड़ी तो पुलिस को सूचना दी गई।
कोतवाल श्रीकेश भारती फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस वाहन से घायलों को सीएचसी ले जाया गया। जहां अमित को चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। उधर घटना की जानकारी पर मृतक अमित का बड़ा भाई अमर सिंह अस्पताल पहुंचा। बताया कि घर में बिना बताए अमित दोस्तों के साथ बिधूना आ रहा था।
कोतवाल श्रीकेश भारती ने बताया कि अमित की मौत हो गई है। सूचना पर परिजन अस्पताल पहुंच गए। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज करते हुए जांच की जाएगी।