फफूंद। कस्बा के पाता चौराहा पर दिबियापुर की ओर से तेजी से आ रहा एक बाइक चालक बाइक समेत विपरीत दिशा में जा रहे डंपर के नीचे जा घुसा। चालक ने सूझ बूझ दिखाते हुए डंपर को रोक लिया। इससे बाइक सवार बाल बाल बच गया।
बुधवार दोपहर घाटमपुर कानपुर निवासी डंपर चालक सर्वेश कुमार रेलवे की ईंट लादकर दिबियापुर जा रहा था। पाता बाईपास चौराहे पर पहुंचते ही दिबियापुर की ओर से तेज गति से आ रहा गांव अधासी निवासी बाइक चालक राधेश्याम डंपर से टकराता हुआ बाइक समेत नीचे घुस गया। साथ बैठे दो अन्य युवक कूदकर भाग निकले।
डंपर चालक ने ब्रेक लगाकर किसी तरह गाड़ी रोकी और युवक को बाहर निकाला। उसके हल्की चोट लगी थी, लेकिन गनीमत रही कि वह पहिए के नीचे आने से बच गया। जबकि बाइक क्षतिग्रस्त हो गई थी। घटना देख भीड़ एकत्रित हो गई और पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस बाइक व डंपर को थाना ले गई।
-
पुलिस ने पूर्व प्रधान सहित पांच को भेजा न्यायालय
औरैया। सहायल थाना क्षेत्र के पूर्वा कुडरी में मंगलवार को चकरोड़ को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया था। जिसमें करीब एक दर्जन से अधिक लोग घायल हुए थे। एक युवक नाजुक हालत में कानपुर भर्ती है। वहीं मंगलवार को पुलिस ने एक पक्ष दलवीर यादव की तहरीर पर रघुनंदन, रोहित, योगेंद्र, पूर्व प्रधान सैलेन्द्र यादव, अंकुश के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। वहीं दूसरे पक्ष से योगेंद्र की तहरीर पर दलवीर, उदयनाराय, रणविजय, प्रबल प्रताप, मुनीश के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया। पुलिस ने बुधवार को पूर्व प्रधान सैलेन्द्र यादव समेत पांच को न्यायालय में पेश किया। थानाध्यक्ष अमर बहादुर सिंह ने बताया कि मामला पंजीकृत कर पांच लोगों को न्यायालय भेज दिया है। घायलों का उपचार चल रहा है।