फोटो-19-घटनास्थल पर डंपर को घेरे खड़े ग्रामीण।संवाद
एरवाकटरा। थाना क्षेत्र के बिधूना रोड से गांव मन्नाकोला जाने वाली सड़क पर रविवार दोपहर डंपर की टक्कर से बाइक सवार किसान की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसा सूरजपुर गांव के पास हुआ। हादसे के बाद चालक डंपर छोड़कर भाग निकला। मौके पर पहुंचे परिजन व ग्रामीणों ने चालक की गिरफ्तारी को लेकर हंगामा काटा।
घटना दोपहर करीब एक बजे की है। नगला वाले निवासी रणवीर सिंह यादव (49) अविवाहित थे और छह भाई व तीन बहनों में सबसे छोटे थे। रविवार को रणवीर बिधूना में रहने वाले भाई बृजपाल यादव के यहां सरसों की बोरी लेकर बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान सूरजपुर एरवा मोड़ के समीप सामने से आ रहे तेज रफ्तार डंपर से उनकी बाइक को चपेट में ले लिया। इससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलने के लगभग आधे घंटे बाद मौके पर पहुंचे परिजन ने डंपर चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। इस पर थाना प्रभारी विनेश कुमार सिंह, कुदरकोट थाना प्रभारी अमर बहादुर सिंह तथा बिधूना पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस के काफी समझाने-बुझाने और कड़ी कार्रवाई के आश्वासन के बाद परिजन शांत हुए। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। थाना प्रभारी ने बताया कि डंपर को कब्जे में लेकर थाने लाया गया है। चालक की तलाश के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।