फोटो16एयूआरपी 63- अस्पताल से घायल को सैफई जाने को एंबुलेस में लिटाते पुलिस कर्मी
- फोटो : AURAIYA
औरैया। कोतवाली क्षेत्र में बरमूपुर पुल पर टकराकर बाइक चालक नहर में जा गिरा। इससे उसकी मौत हो गई। वहीं, पीछे बैठा एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को 50 शय्या युक्त जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने गंभीर घायल को सैफई रेफर कर दिया।
कोतवाली क्षेत्र के गांव मिर्जापुर निवासी बजरंगी (22) पुत्र लक्ष्मीचंद्र व अजय बाबू (25) पुत्र मान सिंह लोहे की रेलिंग बनाने का काम करते हैं। बुधवार की शाम लगभग सात बजे वह बरमूपुर के पास से रेलिंग की नापजोख करके औरैया आ रहे थे। बाइक बजरंगी चला रहा था और अजय पीछे हाथों में हेलमेट लिए बैठा था। जैसे ही उनकी बाइक बरमूपुर नहर पर पहुंची। तेज गति होने के कारण बाइक अनियंत्रित होकर पुल की पुलिया से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक चालक बजरंगी उछलकर पुल से नीचे नहर में पड़े पत्थर पर जा गिरा। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, पीछे बैठा अजय उछलकर पुल की सड़क पर जा गिरा। जिससे उसके सिर में गंभीर चोट लग गई। जानकारी मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। जहां दोनों को उठाकर 50 शय्या युक्त जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने गंभीर घायल को सैफई रेफर कर दिया। घटना की जानकारी पर परिजन भी अस्पताल पहुंच गए।
उधर, युवक बजरंगी की मौत से अस्पताल में मौजूद परिजन रो-रो कर बेहाल थे। ग्रामीणों ने बताया कि मृतक की पत्नी का नाम रानी है व उसका एक पांच साल का पुत्र रिषभ है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।