अजीतमल। बेकाबू वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसा अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के अनंतराम ओवरब्रिज पर हुआ। युवक बाइक से दिल्ली जाने के लिए घर से निकला था।
सदर कोतवाली क्षेत्र के शिवपुर-तुर्कीपुर गांव निवासी अमित कुमार (35) दिल्ली में रहकर काम करता था। उसकी पत्नी रीना (32), बेटी पारुल (7), बेटा ऋतिक (5) घर पर रहते हैं। पिछले दिनों अमित घर आया था। बुधवार तड़के वह अकेला ही बाइक से दिल्ली जा रहा था। तड़के करीब सवा तीन बजे अनंतराम टोल के पास हाईवे ओवरब्रिज के समीप पहुंचा ही था, तभी किसी वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी।
टक्कर लगने से अमित घायल हो गया। सूचना पाकर अनंतराम चौकी प्रभारी सुधीर भारद्वाज फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और हाईवे एंबुलेंस से उसे सीएचसी अजीतमल भेजा, जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक के जेब में मिले आधार कार्ड के आधार पर पुलिस ने परिजनों को सूचना दी।
मौके पर पहुंचे परिजन के अनुसार वह घर से मंगलवार को निकल आया था। रात में औरैया सैनिक कॉलोनी में रहने वाले मामा के घर रुका था, तड़ते दिल्ली के लिए निकला था। कोतवाल राजकुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।