-बुआ को इटावा छोड़ने जा रहा था
संवाद न्यूज एजेंसी
औरैया। सदर कोतवाली क्षेत्र के पुर्वा रहट के पास हाईवे पर तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक की पहचान कर परिजनों को सूचना दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
कानपुर देहात के खोजाफूल निवासी अनिल कुमार गौतम (27) पुत्र हर प्रसाद सोमवार बाइक से अपनी बुआ को इटावा छोड़ने के लिए जा रहा था। जैसे ही उसकी बाइक गांव औरैया कोतवाली क्षेत्र के पुर्वा रहट के सामने हाईवे पर पहुंची तभी पीछे से रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार बुआ-भतीजा बाइक से उछलकर सड़क पर जा गिरे। हेलमेट भी दूर जा गिरा और सिर में चोट लगने से अनिल बुरी तरह से घायल हो गया। दुर्घटना होते देख आसपास के लोगों की मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को घायलावस्था में 50 शैया युक्त जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
जहां डॉक्टरों ने अनिल को मृत घोषित कर दिया। जबकि मामूली घायल बुआ को प्राथमिक इलाज के बाद घर जाने दिया। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रवि श्रीवास्तव ने बताया कि दुर्घटना में घायल युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।