दिबियापुर । जिले भर के अधिकारियों के अच्छे तालमेल एवं जन सहभागिता से आजादी का अमृत महोत्सव सफल रहा। यह बात समापन अवसर पर जिलाधिकारी पीसी श्रीवास्तव ने कहीं। उन्होंने महोत्सव के दौरान आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों को सफल बनाने वाले अधिकारियों एवं स्वयंसेवी संगठनों के पदाधिकारियों को सम्मानित किया।
महोत्सव के समापन पर डीएम पीसी श्रीवास्तव की अगुवाई में जिला मुख्यालय से लेकर गेल गांव तक बाइक रैली निकली। बाइक रैली में एडीएम रेखा एस चौहान, एसडीएम मनोज कुमार सिंह आदि मौजूद रहे। गेल गांव में श्रीराम सेना ने 76 मीटर लंबे तिरंगे के साथ तिरंगा यात्रा निकाली। इसके बाद गेल आडीटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न स्कूलों गेल डीएवी, एडवांस योगा अकादमी, सुदिति ग्लोबल आदि के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
डीएम, एसपी, एडीएम ने भारत प्रेरणा मंच के अविनाश अग्निहोत्री समेत महोत्सव में अग्रणी भूमिका निभाने वाले विक्रांत दुबे, अजय शुक्ला, अक्षय, विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों आदि को सम्मानित किया गया। पुलिस विभाग एवं जिला प्रशासन के अधिकारियों को भी सम्मानित किया गया।