दिबियापुर। औरैया दिबियापुर मार्ग पर गांव नगला जयसिंह के सामने बिधूना के नायब तहसीलदार की कार से साइकिल सवार किशोर और उसकी ढाई वर्षीय बहन घायल हो गई। किशोर को जिला चिकित्सालय में प्राथमिक उपचार के बाद कानपुर रेफर कर दिया गया।
रविवार की शाम नायब तहसीलदार बिधूना पीयूष शाहू (अछल्दा क्षेत्र) कार से दिबियापुर औरैया मार्ग पर जा रहे थे। गांव समाधान का पुर्वा के सामने साइकिल सवार गांव का ही एक किशोर दीपांशु पुत्र ब्रजकिशोर अपनी लगभग ढाई वर्षीय बहन साक्षी को बैठाकर जा रहा था। इस दौरान नायब तहसीलदार की कार से साइकिल सवार भाई बहन टकराकर घायल हो गए। टक्कर इतनी तेज हुई कि साइकिल उछलकर कार के शीशे पर गिरी। इससे कार का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया। आनन फानन कार चालक ने कार रोक दी। घायल बच्चों की हालत देखने उतरे चालक को ग्रामीणों ने घेर लिया। चर्चा रही कि इस दौरान ग्रामीणों ने नाराजगी भी जाहिर की। सूचना पर मौके पर पुलिस पहुंची। घायल दीपांशु को नायब तहसीलदार पुलिस की मदद से 100 शैया जिला अस्पताल चिचौली पहुंचाया। यहां से दीपांशु को कानपुर हैलट के लिए रेफर कर दिया गया। साक्षी को भी हल्की चोटें आई हैं। सीओ महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि किशोर द्वारा अचानक साइकिल मोड़ने से कार से टक्कर हो गई थी। हादसे की सूचना पर दिबियापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मामला शांत कराते हुए घायल किशोर को चिचौली अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया गया है।