फोटो 14 एयूआरपी 08 भीखमपुर में इसी गोदाम में पकड़ी गई थी नकली खाद। फाइल फोटो।
औरैया। शहर के जालौन रोड किनारे पकड़ी गई नकली खाद के कारोबारियों ने कई ठिकाने बनाए हैं। पूछताछ में राज सामने आने पर पुलिस ने उनके भीखमपुर में दूसरे ठिकाने पर छापेमारी की थी। यहां पर 208 बोरी डीएपी की नकली खाद मिली थीं। इन दोनों ठिकानों के कारोबारी एक ही आरोपी निकले हैं। अब जेल में बंद इन आरोपियों को पुलिस रिमांड पर लेकर उनसे और राज खुलवाएगी कि इन्होंने कहां-कहां नकली खाद के ठिकाने बनाए हैं, और किन-किन दुकानों पर इसे सप्लाई किया है।
अगस्त के अंतिम पखवाड़े में डीएम व एसपी ने अछल्दा व सहार में खाद गोदामों पर छापे डाले थे। इसके बाद 28 अगस्त को पुलिस व प्रशासन ने शहर के जालौन रोड किनारे एक मकान में नकली खाद का जखीरा पकड़ा था। 1000 बोरी नकली डीएपी खाद समेत पांच आरोपी यहां पर धरे गए थे, जो बरेली से नकली खाद का रॉ मैटेरियल लाकर जिले में खपा रहे थे। मामले में पांचों आरोपियों को पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करते हुए जेल भेज दिया था। वहीं सितंबर माह के शुरुआत में एक बार फिर से पुलिस ने शहर के भीखमपुर में एक मकान में छापा डाला। यहां पर नकली खाद की 208 बोरियां मिलीं।
मकान मालिक से की गई पूछताछ के बाद यह ठिकाना गोविंदनगर निवासी प्रदीप कुमार का नाम सामने आया था। मामले में जिला कृषि अधिकारी शैलेंद्र कुमार की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की गई। साथ ही साथ खाद का सैंपल जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया था। भीखमपुर में पकड़ी गई नकली खाद के मामले में सामने आया प्रदीप कुमार जालौन रोड किनारे हुए नकली खाद के कारोबारियों में शनि चौहान का ही उपनाम रहा। पुलिस की जांच में यह बात सामने आई है। ऐसे में पुलिस अब जेल भेजे गए पांचों आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी।
संभावित अन्य ठिकानों की भी पुलिस खाक छानेगी। हालांकि इससे पहले कृषि अधिकारी के साथ पुलिस मौका मुआयना करेगी। कोतवाल राजकुमार सिंह ने बताया कि जालौन रोड किनारे पकड़ी गई नकली खाद के कारोबार में शामिल आरोपी शनि चौहान ने भीखमपुर में अपना दूसरा ठिकाना बनाया हुआ था। उसका ही प्रदीप कुमार उपनाम है। अब उसे रिमांड पर लेकर आगे की जांच की जाएगी।