डीएम कार्यालय में शपथ पत्र देने पहुंचे मौजूद सदस्यगण
- फोटो : amar ujala
भाग्यनगर ब्लाक प्रमुख की सीट भी अब खतरे में आ गई है। गुरुवार को 51 बीडीसी सदस्यों ने ब्लाक प्रमुख के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव के समर्थन में शपथ पत्र सौंपा। इस दौरान ब्लाक प्रमुख समर्थकों व शपथ पत्र देने वाले सदस्यों के बीच हाथापाई भी हुई।
सरकार के बदलने के बाद जिले के अलग-अलग ब्लाकों में वर्तमान ब्लाक प्रमुख को लेकर अविश्वास प्रस्ताव का दौर जारी है। कई दिनों से भाग्यनगर ब्लाक प्रमुख अजय यादव के खिलाफ सदस्यों को लेकर अंदर ही अंदर उठापटक चल रही थी। गुरुवार को ब्लाक प्रमुख चुनाव में दूसरे नंबर पर रहे गौरव यादव के नेतृत्व में 93 सदस्यों में 51 सदस्य डीएम जय प्रकाश सगर के पास पहुंचे और अविश्वास के पक्ष में शपथ पत्र सौंपे। इसके बाद डीएम ने एक एक सदस्य से शपथ पत्र के बारे में पूछा।
बाद में कुछ सदस्य जब डीएम कार्यालय के बाहर आए तो बाहर खडे़ ब्लाक प्रमुख व उनके समर्थक सदस्यों के साथ हाथापाई हो गई। इससे डीएम कार्यालय में हड़कंप मच गया। हालांकि बाद में दोनों पक्षों को शांत करा दिया गया है। उधर सभी 51 सदस्यों की डीएम वीडियोग्राफी कराकर उनके शपथ पर ले लिए है। दूसरी तरफ गौरव यादव ने जिस सदस्य के साथ हाथापाई की गई थी। उसको लेकर एसपी के पास पहुंचे और शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
डीएम जय प्रकाश सगर ने बताया कि ब्लाक प्रमुख के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव को लेकर बीडीसी सदस्य उनके कार्यालय आए थे। इस दौरान उन्हें 51 बीडीसी सदस्यों के शपथ पत्र सौंपे गए हैं। मौके पर 48 बीडीसी सदस्य ही मौजूद थे। इन सबका परीक्षण कराने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।