तीसरे चरण में अछल्दा ब्लाक में क्षेत्र पंचायत और जिला पंचायत सदस्य के चुनाव के दौरान शनिवार को अफवाहों का बाजार गर्म रहा। कहीं फर्जी मतदान की सूचना से पुलिस प्रशासन परेशान रहा तो कहीं वोटिंग की धीमी गति और रुपये बांटने का मामला भी सुनने में आया। वहीं डीएम ने बिना वोटर आईडी कार्ड के मतदान करने जा रही एक महिला से पूछताछ की। देर शाम तक अछल्दा क्षेत्र में शांतिपूर्ण ढंग से मतदान खत्म होने पर पुलिस प्रशासन ने राहत की सांस ली।
अछल्दा क्षेत्र के गांव बझेरा में पुलिस ने बैरियर लगाकर चेकिंग की। क्षेत्र के टडैया में बने पोलिंग बूथ पर डीएम माला श्रीवास्तव ने मतदान टेबिल पर गंदगी देख नाराजगी जाहिर की। मतदान कर्मचारियों को जमकर फटकार लगाई। इसी मतदान केंद्र पर एजेंटों के पास मोबाइल फोन देख नाराज डीएम ने पुलिस से सभी मोबाइल जब्त करा लिए। कुछ देर बाद पेतुआ पोलिंग बूथ पर फर्जी मतदान कराए जाने की सूचना से हड़कंप मच गया।
फर्जी मतदान होने की सूचना पर कई प्रत्याशियों के समर्थक भी जमा हो गए। यहां पर अराजकतत्वों ने पुलिस पर दबाव बनाने का प्रयास किया तभी सेक्टर मजिस्ट्रेट भी मौके पर पहुंच गए। अतिरिक्त फोर्स भेजे जाने पर मामला शांत हुआ। इसी क्रम में बूथ का निरीक्षण करने पहुंची डीएम को बिना वोटर कार्ड के बिटान देवी पत्नी राजेंद्र बाबू बूथ के अंदर जाती दिख गई।
डीएम के टोकने पर वह मतदान के लिए कोई आईडी नहीं दिखा सकीं। जिस पर डीएम ने उनकी जमकर फटकार लगाई। इसी क्रम में सुबह 11 बजे पूरन पुर्वा में बने बूथ पर वोटरों को नोट बांटे जाने की सूचना मिली। यहां सूचना मिलते ही एसपी मनोज तिवारी मौके पर पहुंचे और उन्होंने मामले की जानकारी ली। वहीं नगला जमुुहा में मतदान के दौरान गडबड़ी करते पांच लोगों को पुलिस ने पकड़ लिया। इन सभी के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गये हैं। देर शाम शांतिपूर्ण मतदान हो जाने पर पुलिस प्रशासन ने राहत की सांस ली है।