औरैया। बेला कस्बे में बिधूना रोड पर निजी अस्पताल में देखरेख करने वाले पिता-पुत्र के साथ चार युवकों ने मारपीट कर दी। घायलों ने नगदी व जेवर लूटने का आरोप लगाया है। पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
शहर के एक निजी अस्पताल में देखरेख करने वाले विश्राम सिंह की पत्नी नन्ही देवी ने बताया कि रविवार रात वह सभी अस्पताल में थे। इस बीच पड़ोसी गांव मनुआपूर्वा निवासी लालू, नन्हे अपने दो साथियों के साथ लाठी डंडा लेकर आए। गेट बंद होने पर चारों ईंट और डंडे से दरवाजा तोड़कर अंदर घुस आए। चारों ने पुत्र रामवीर और पति विश्राम को पीट दिया।
बक्से में रखे नगदी व जेवरात निकाल लिए। पुलिस से शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। रात में ही उसने पड़ोस के लोगों को घटना की जानकारी दी और थाने गई। पीड़िता की शिकायत पर थाना पुलिस ने लालू और नन्हे को हिरासत में लिया है। घायल पिता-पुत्र को सीएचसी बिधूना में भर्ती कराया है। थाना प्रभारी निरीक्षक पप्पू सिंह ने बताया कि नगदी व जेवरात ले जाने की बात की पुष्टि नहीं हुई है। पीड़ित की ओर से की गई शिकायत पर दो लोगों को हिरासत में लिया गया है, पूछताछ की जा रही है।