औरैया। सदर कोतवाली के मिहौली गांव में नेशनल हाईवे के पास बाउंड्री व गेट से घिरे परिसर में खड़े आठ ट्रक व डंपरों को चोरों ने निशाना बनाया। रात के अंधेरे में चोर इन वाहनों से कुल 16 बैटरियां खोलकर ले गए। चोरी गई बैटरियों की कुल कीमत दो लाख रुपये से अधिक आंकी जा रही है। एक साथ आठ वाहनों से बैटरी चोरी होने पर पुलिस की गश्त पर लोगों ने सवाल उठाए हैं। ट्रक मालिक ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। कोतवाली प्रभारी जितेंद्र तिवारी ने बताया कि सूचना मिली थी तो वहां पर जांच करने के लिए पहुंचे हैं। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। (संवाद)