औरैया। सदर ब्लॉक के गांव बरमूपुर में नाले की ढलान गांव की ओर होने से जलभराव की समस्या से परेशान ग्रामीणों ने नाले का काम रुकवा दिया था। चार माह बाद भी काम शुरू नहीं हो सका है और समस्या बरकरार है। लोगों ने समस्या के समाधान और उखड़ी सड़क बनवाने की मांग की है।
फफूंद रोड पर शहर से सटे गांव बरमूपुर में जलभराव की समस्या है। इस समस्या से निजात के लिए दो सड़कों और नाले का निर्माण होना है। गांव के एक ओर सड़क बनी, लेकिन दूसरी ओर बन रहे नाले की ढलान फफूंद रोड से गांव की ओर कर दी गई। इससे जलभराव की समस्या और बढ़ गई। इस पर ग्रामीणों ने नाले का निर्माण रुकवा दिया। चार माह से अधिक बीत गए लेकिन नाले का निर्माण शुरू नहीं हो सका। सड़क पर जलभराव है और ये उखड़ी पड़ी है। जिसके कारण लोगों को आवागमन में दिक्कतें हो रहीं हैं। समस्या से परेशान ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से समस्या से निजात दिलाने की मांग कर नाले की ढलान गांव से बाहर की ओर कराने की मांग की।
लोगों ने बताई समस्या
अंकित कुमार ने कहा कि मुख्य मार्ग पर जलभराव और अधूरे निर्माण के कारण ग्रामीण परेशान हैं। गांव आने-जाने के लिए काफी लंबा चक्कर लगाना पड़ रहा है।
जितेंद्र कुमार ने बताया कि नाले का निर्माण कार्य अधूरा होने के कारण सड़क पर गिट्टी फैली है, वहीं नाले का गड्ढा भी खुदा पड़ा है। जिसके कारण आए दिन साइकिल व बाइक सवार चुटहिल हो रहे हैं।
नागेंद्र राठौर ने कहा कि मुख्य सड़क पर जलभराव और अधूरे नाले के कारण परेशानी होती है। जलभराव की समस्या से निजात के लिए नाला निर्माण जरूरी है और ढलान भी गांव के बाहर होनी चाहिए।
वर्जन
ग्राम प्रधान पप्पू ने बताया कि ग्रामीणों ने नाला निर्माण का काम रुकवाया है। इसकी जानकारी प्रशासनिक अधिकारियों को दी गई। कार्यदायी संस्था भी विरोध के कारण निर्माण कार्य अधूरा छोड़कर चली गई है।