औरैया। एक जुलाई से प्रतिबंधित की गई पॉलिथीन का उपयोग धड़ल्ले से किया जा रहा है। प्रशासन की हीलाहवाली के चलते दुकानदार बेरोक-टोक पॉलिथीन का प्रयोग कर रहे हैं।
प्रशासन की ओर से पॉलिथीन पर प्रतिबंध लगाने के लिए अभियान चलाया गया। पॉलिथीन बंद करने के निर्देश दिए गए। कार्रवाई के साथ चेतावनी भी दी गई, दुकानदारों पर इसका असर नहीं हुआ। सिंगल यूज प्लास्टिक का चलन अब भी हो रहा है। रविवार को बाजार की पड़ताल की गई तो सब्जी की दुकानों और फलों के ठेलों पर प्रतिबंधित पॉलिथीन देखी गई।
सुभाष चौक के पास लगने वाली दुकानों में प्रतिबंधित पॉलिथीन अधिकांश दुकानों पर दिखाई दी। संजय गेट के पास लगने वाली फलों दुकानों पर प्रतिबंधित पॉलिथीन में रखकर फल बिक्री किए जा रहे थे। फलों की दुकान व ठेलों पर पर्याप्त माज्ञा में पॉलिथीन रखी नजर आई।
प्रतिबंधित पॉलिथीन को लेकर नगरपालिका प्रशासन की ओर से कार्रवाई की जानी है। कार्रवाई को लेकर शीघ्र ही पालिका के अधिकारियों को निर्देश दिए जाएंगे। पूर्व में इसे लेकर जागरूकता अभियान भी चलाया गया था।- मनोज कुमार सिंह, एसडीएम सदर