औरैया। रोडवेज डिपो की बसों में मैनुअल टिकटिंग पर पूरी तरह से पाबंदी लगा दी गई है। डिपो से संचालित सभी 67 बसों के परिचालकों को ई-टिकटिंग मशीन से लैस कर दिया गया है। फर्जीवाड़े पर इस व्यवस्था से अंकुश लगेगा। परिचालकों के लिए मशीन को अनिवार्य कर दिया गया है। निर्देशों का पालन न करने वाले परिचालकों पर कार्रवाई होगी।
औरैया रोडवेज डिपो से रोजाना 67 बसें संचालित होती है। यहां पर यात्रियों की टिकटों में हेरफेर न हो इसके लिए उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन की ओर से ई-टिकटिंग व्यवस्था को कड़ाई से लागू करने के निर्देश दिए गए हैं। अब ऑनलाइन व्यवस्था से सब कुछ पारदर्शी हो जाएगा। डिपो में अभी तक 37 मशीनें ही थीं। इसके चलते काफी कुछ बसों पर मैनुअल व्यवस्था अपनाई जाती थी। एक सप्ताह पूर्व आई ई-टिकट मशीन की खेप को अब पूरी तरह से प्रभावी कर दिया गया है। तीन मशीनें डिपो के लिए अतिरिक्त भेजी गई हैं। जिन्हें परिचालक स्वयं की मशीन खराब होने पर अमल में ला सकते हैं। एआरएम आरएस चौधरी ने बताया कि डिपो के सभी परिचालकों को ई-टिकट मशीन मुहैया करा दी गई है। मनमानी करते हुए मैनुअल टिकट व्यवस्था अपनाने पर परिचालकों पर कार्रवाई की जाएगी। मशीन खराब हो जाने पर ही मैनुअल टिकट दिया जा सकेगा।
मोबाइल नंबरों पर यात्री दर्ज करा सकेंगे शिकायत
रोडवेज डिपो की बसों में चालक सीट के पीछे आरएम, एआरएम व कंट्रोल रूम के मोबाइल नंबर दर्ज होते है। ई-टिकटिंग मशीन से किनारा करने वाले परिचालकों की शिकायत यात्री इन नंबरों पर कर सकेंगे। रोडवेज के अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि उन्हें किसी भी तरह की परेशानी हो तो वह शिकायत जरूर दर्ज कराएं।