फोटो24एयूआरपी 12- घटना स्थल पर सीन रिक्रिएट कराते लखनऊ से आए बैलेस्टिक टीम के अधिकारी।
बैलेस्टिक टीम ने सीन रिक्रिएट कर जुटाए साक्ष्य
दो एडीजे पर हमले का मामला, बिना सूचना के गायब एडीजे के गनर को एसपी ने किया निलंबित
संवाद न्यूज एजेंसी
औरैया। ककोर में बंबा की पुलिया के पास मंगलवार की सुबह तकरीबन आठ बजे दो न्यायिक अधिकारियों (एडीजे) पर हमले के मामले में बुधवार को लखनऊ से आई बैलेस्टिक टीम ने सीन रिक्रिएट किया। चालक को कार समेत मौके पर ले जाकर साक्ष्य जुटाए। टीम सैंपल को लखनऊ ले जाकर उसकी जांच करने के बाद रिपोर्ट उपलब्ध कराएगी। एसपी सुनीति ने बताया कि बैलेस्टिक टीम दो-तीन दिन में रिपोर्ट सौंपेगी। वहीं, एसपी ने मार्च के आखिर सप्ताह से बिना सूचना के गायब चल रहे एडीजे के गनर को निलंबित कर दिया है।
अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश (प्रथम) राजेश चौधरी व अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश (फास्ट ट्रैक कोर्ट) रामनेत पर मंगलवार को सुबह दिबियापुर गेल स्थित आवास से कचहरी आते समय कार पर हमला हो गया था। इस मामले में बुधवार को लखनऊ से आई बैलेस्टिक टीम ने चालक को कार समेत घटना स्थल पर ले जाकर कार के शीशे टूटने की वजह साफ करने को सीन रिक्रिएट किया। इसमें टीम के अधिकारियों ने चालक को दिबियापुर की तरफ से घटना स्थल की ओर कार चलाकर लाने को कहा, साथ ही किस स्थान पर आकर अचानक से शीशा टूटने की घटना हुई और इसको किस तरह से महसूस किया गया। ये पूरा सीन फिर से दोहराया गया। बैलेस्टिक टीम की जांच में इस बात पर भी ध्यान दिया जा रहा है कि अगर पत्थर भी शीशे पर लगा है तो जिसने भी फेंका होगा उसने किस उद्देश्य से फेंका होगा। इस दौरान बैलेस्टिक टीम में विधि विज्ञान प्रयोगशाला से आए वैज्ञानिक कायम सिंह और राधारमण सैनी ने कार चालक के अलावा अन्य लोगों से पूछताछ की।
इस संबंध में एएसपी कमलेश दीक्षित ने बताया कि सीन रिक्रिएशन के दौरान कानपुर फारेंसिक टीम के डॉ.प्रवीण कुमार श्रीवास्तव, औरैया फोरेंसिक टीम से डॉ.आनंद सिंह विष्ट, दिबियापुर थानाध्यक्ष अनिल विश्वकर्मा व एसआई मोहम्मद शाकिर मौजूद रहे। उधर, एसपी सुनीति ने बताया कि मार्च के आखिरी सप्ताह से लॉकडाउन के बाद से बिना सूचना के ड्यूटी से गायब चल रहे एडीजे राजेश चौधरी के गनर राजकुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
-----
एसपी ने जिले के पते पर पंजीकृत स्कार्पियो का ब्योरा मांगा
औरैया। एसपी सुनीति ने बताया कि औरैया जिले में पंजीकृत स्कार्पियो की सूची एआरटीओ से मांगी गई थी। इसमें उनके पास चार सौ पंजीकृत स्कार्पियो की सूची उपलब्ध करा दी गई है। इसके अलावा एआरटीओ धनवीर सिंह से औरैया जिले के पते पर पंजीकृत स्कार्पियो जो इटावा में संचालित हो रहीं हैं उनका भी ब्यौरा मांगा गया है। इससे घटना वाले दिन मौके पर मौजूद स्कार्पियो व न्यायिक अधिकारियों की ओर से दर्ज कराई गई रिपोर्ट में पीछा करने वाली सफेद स्कार्पियों का पता लगाया जा सके। हालांकि घटना वाले दिन सड़क किनारे सुबह आठ बजे एक स्कार्पियो के खड़े होने की जानकारी मिली है, जिसमें तीन लोग सवार थे। जिसमें एक महिला, एक बच्ची व चालक के होने की जानकारी मिली है।
----
न्यायाधीशों के साथ कोर्ट तक स्कॉट करेगी पुलिस
दिबियापुर (औरैया)। गेल में रहने वाले अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीशों की सुरक्षा के लिए दिबियापुर थाने के पुलिस कर्मी गेल से लेकर औरैया कोर्ट तक स्कॉट करेंगे। वापसी में औरैया कोतवाली पुलिस न्यायाधीशों के साथ दिबियापुर तक आएगी।
दिबियापुर थाने के प्रभारी निरीक्षक अनिल विश्वकर्मा के अनुसार हमलावरों की सफेद कार को खोजने के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। एसपी के आदेश पर सुबह के समय कोर्ट जाते समय न्यायाधीशों की सुरक्षा में दिबियापुर थाने की पुलिस स्कॉट साथ में जाएगी। वापसी में औरैया कोतवाली पुलिस स्कॉट करते हुए उन्हें उनके आवास तक पहुंचाएगी।
--