मुरादगंज (औरैया)। अजीतमल ब्लॉक के गांव ऊंचा-बहादुरपुर में हुए कोटेदार के चुनाव में बबिता ने 595 वोट पाकर बाजी मारी। जबकि 215 मतों के साथ उनकी प्रतिद्वंदी प्रीती देवी दूसरे स्थान पर रहीं। इस दौरान गांव के लोग व ब्लॉक अधिकारी मौजूद रहे ।
ग्राम पंचायत ऊंचा-बहादुरपुर में पिछले दिनों कोटेदार बांकेलाल कुशवाहा द्वारा गड़बडी की शिकायतों के बाद कोटा निरस्त कर दिया गया था। जिसके चलते फिर से 21 नवंबर 2019 को कराए गए चुनाव में मथुरा प्रसाद ने जीत हासिल की। लेकिन हाई स्कूल पास न होने के चलते उन्हें कोटा नहीं सौंपा गया। जिससे एक बार फिर कोटा डीलर का चुनाव कराने की कार्रवाई शुरू हुई। इस बार बबिता पत्नी पंकज दोहरे, प्रीति देवी पत्नी इंद्रेश कुमार, प्रियंका पत्नी जगत सिंह, सावित्री देवी पत्नी उमेश, सीमा कुमारी पत्नी विवेक, सूर्यरोहिनी पत्नी वीर सिंह समेत कुल छह उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतरे। जिसमे बबिता पत्नी पंकज कुमार 595 वोट पाकर विजयी घोषित हुईं। जबकि 215 वोट पाकर प्रीति देवी पत्नी इंद्रेश कुमार दूसरे स्थान पर रहीं। बाकी अन्य प्रत्याशियों ने बबिता को समर्थन दे दिया। इस दौरान एडीओ अखिलेश मिश्रा, पंचायत सचिव अतुल मिश्रा व ब्लॉक अधिकारी राजेश गौतम, राजबहादुर सहित पुलिस टीम मौजूद रही।