दिबियापुर (औरैया)। अयोध्या मामले में निर्णय के बाद रेल प्रशासन खासा सतर्क है। आरपीएफ की अलग-अलग टीमें पूरी रात और दिन में विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर रुकने वाली ट्रेनों में सघन चेकिंग करतीं रहीं। ब्लॉक सेक्शन में भी आरपीएफ की टीमें गश्त करतीं रहीं।
अयोध्या पर निर्णय आने के बाद रेलवे प्रशासन काफी सतर्क है। आरपीएफ प्रभारी दिनेश कुमार के अनुसार रेलवे स्टेशन साम्हो से लेकर कानपुर देहात के मैथा रेलवे स्टेशनों तक सभी पर चौकसी बरतने के उच्चाधिकारियों के निर्देश हैं। शनिवार की रात खासी सतर्कता बरती गई। अभी अगले दिनों में भी रेलवे पुलिस को सतर्क रहने के निर्देश मिले हैं।
इसलिए राउंड द क्लॉक सभी ट्रेनों एवं रेलवे ट्रैक पर चेकिंग की जाती रहेगी। बताया शनिवार की रात एवं रविवार को दिन में फफूंद एवं अन्य रेलवे स्टेशनों पर रुकने वाली ऊंचाहार, संगम, अवध, इंटरसिटी, गोमती, कालका, महानन्दा, मुरी, तूफान आदि ट्रेनों में सघन चेकिंग की गई। बताया कि चार आरपीएफ कर्मियों की मोबाइल टीम लगातार विभिन्न स्थानों पर घूम रही है। जबकि प्रत्येक रेलवे स्टेशन पर कम से कम दो आरपीएफ कर्मी तैनात किए गए हैं। ब्लॉक सेक्शन में भी आरपीएफ कर्मियों की ड्यूटी है। आने वाले दिनों में अभी ट्रेनों, प्लेटफार्मो एवं ब्लॉक सेक्शन में निगरानी एवं जांच जारी रहेगी। बताया कि पूरी चेकिंग प्रक्रिया में 30 से अधिक आरपीएफ कर्मी लगे हुए हैं।