दिबियापुर। प्रतिनिधि उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने भीड़ भाड़ वाली ट्रेनों के फफूंद रेलवे स्टेशन पर आने के समय ऑटो चालकों को रेलवे स्टेशन तक जाने से रोकने की मांग की। व्यापारियों ने बताया कि सुबह और शाम के समय रेलवे स्टेशन पर अधिक भीड़ भाड़ वाली ट्रेने रुकतीं हैं। रेलवे स्टेशन तक ऑटो जाने से सड़क पर जाम की स्थिति रहती है। इस दौरान ऑटो चालक दुकानों के सामने ऑटो खड़े कर लेते हैं। दुकानदारों द्वारा मना करने पर विवाद पर आमादा हो जाते हैं। पूर्व में थाना पुलिस ने ककराही बाजार व भगवतीगंज में स्टेशन रोड पर गुंजन चौराहे के पास बैरियर लगाकर ऑटो को स्टेशन तक जाने से रोकने की व्यवस्था की थी। मगर थोड़े दिन बाद यह व्यवस्था बंद हो गई। प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार शर्मा ने आश्वस्त किया कि रविवार को लोहे के बैरिकेडिंग मंगवाकर ऑटो को रेलवे स्टेशन से पहले बाजार में घुसने से रोका जाएगा। सुबह और शाम ऑटो की नो इंट्री होगी। (संवाद)