01- बारिश से गिरे मकानों के निरीक्षण करते लेखपाल
- फोटो : amarujala
फफूंद (औरैया)। फफूंद इलाके में गिरे 20 कच्चे मकानों का जायजा लेने बुधवार को प्रशासन की ओर से लेखपाल पहुंचे और ढह चुके मकानों के पीड़ितों से मिलकर नुकसान का आंकलन किया। अमर उजाला ने 01 अगस्त के अंक में फफूंद क्षेत्र के घर गिरी खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इस खबर को संज्ञान में लेकर बुधवार को जिलाधिकारी श्रीकांत मिश्रा के आदेश पर राजस्व टीम ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का आंकलन करने को कहा। बुधवार को सुबह ही राजस्व लेखपाल यशोध्यान सिंह पाल ने कस्बे में पहुंचकर मोहल्ला जोगियान, माहजनान, तिवारियान, टोला, जुबैरी, समेत अन्य मोहल्लों में जाकर बारिश से गिरे कच्चे मकानों का मुआयना करके नुकसान का आंकलन किया। लेखपाल ने बताया कि वह अपनी रिपोर्ट आज ही जिलाधिकारी को सौंप देंगे। ताकि जल्द ही लोगों को सहायता राशि उपलब्ध हो सके। इस दौरान उनके साथ सोशल वेलफेयर संस्था के प्रदेश अध्यक्ष आरिफ सिद्दीकी भी मौजूद रहे।